🔊
नर्क बना किराये का मकान: दुष्कर्म में नाकाम होने पर युवती की गला घोंटकर हत्या, 10 घंटे में खुलासा
ओडिशा से लालपुर में इंटर्नशिप करने आई एक 23 वर्षीय युवती की उसके ही मकान मालिक के बेटे ने गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी ने दुष्कर्म की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहने पर चादर से गला दबा दिया। बाद में भाई की मदद से शव को नदी में फेंक दिया गया। पुलिस ने महज 10 घंटे में सनसनीखेज वारदात का पर्दाफाश कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका भाई फरार है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि मृतका ओडिशा के जेकेपुर रायगड़ की निवासी थी और लालपुर में एक कंपनी के एचआर विभाग में इंटर्नशिप कर रही थी। वह छह माह से मकान मालिक कामेश्वर सिंह के घर किराए पर रह रही थी।
चार नवंबर की दोपहर करीब तीन बजे युवती ऑफिस से लौटकर कमरे में आई थी। उस समय घर पर मकान मालिक का बेटा अमित मौजूद था, जबकि परिवार की महिलाएं अस्पताल गई थीं। आरोपी अमित ने युवती को रोटी बनाने के बहाने बुलाया और जबरन दुष्कर्म का प्रयास किया। युवती के विरोध करने और शोर मचाने पर उसने पहले गला दबाया और फिर मंदिर वाले कमरे में रखी चादर से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद अमित ने शव कमरे में छिपाया और पिता के साथ अस्पताल चला गया। देर रात वह अपने भाई सुमित को साथ लेकर आया और दोनों ने शव को चादर में लपेटकर बाइक से श्मशान घाट के पास नाले में फेंक दिया।
पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी अमित को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने वारदात कबूल कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया तथा हत्या में प्रयुक्त चादर व कपड़े भी जब्त कर लिए हैं। फरार भाई सुमित की तलाश की जा रही है।
मां का फोन न उठाने पर खुला राज
मंगलवार शाम को जब युवती ने मां का फोन नहीं उठाया तो परिवार को शंका हुई। बार-बार कॉल करने पर भी संपर्क न होने पर युवती की मां ने दिल्ली में अपने रिश्तेदार को रुद्रपुर भेजा। वहां पहुंचने पर जब घर पर ताला बंद मिला, तो उसने पुलिस को सूचना दी। जांच के दौरान पुलिस ने मकान मालिक के बेटे पर शक जताया और पूछताछ में पूरा मामला खुल गया।