🔊
चम्पावत के चार स्कूलों में पहुंचा बेटियों के स्वास्थ्य का संदेश, सेवा संकल्प फाउंडेशन ने छात्राओं को बांटे निशुल्क सैनिटरी नैपकिन, मासिक धर्म स्वच्छता को लेकर किया जागरूक।
चम्पावत, 3 अक्टूबर। किशोरियों और छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करने तथा उनके स्वास्थ्य से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प फाउंडेशन की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता धामी की पहल एवं मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न विद्यालयों में छात्राओं को निशुल्क सैनिटरी नैपकिन वितरित किए जा रहे हैं।
अभियान के तहत 1 अक्टूबर को अटल उत्कृष्ट राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लोहाघाट, पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज चम्पावत, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खेतीखान तथा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज काकड़ बाराकोट में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान छात्राओं को सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने के साथ मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता और व्यक्तिगत स्वास्थ्य से संबंधित जरूरी जानकारी दी गई।
छात्राओं को बताया गया कि मासिक धर्म एक सामान्य शारीरिक प्रक्रिया है और इसे लेकर किसी तरह की झिझक नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य से संबंधित परेशानी या सवाल होने पर छात्राओं को अपनी मां, बड़ी बहन, शिक्षिका अथवा चिकित्सक से खुलकर बातचीत करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती गीता धामी का संदेश भी छात्राओं को पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि बेटियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने के साथ उनके सम्मान और आत्मविश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा पर ध्यान देने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इससे पहले 30 सितंबर को टनकपुर और बनबसा के दो बालिका विद्यालयों में भी अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किए गए थे। फाउंडेशन के अनुसार उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों के 50 से अधिक विद्यालयों तक अभियान पहुंच चुका है।
कार्यक्रमों में नगर पालिका अध्यक्ष चम्पावत प्रेमा पांडे, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख चम्पावत रेखा देवी, गंगा खाती, ब्लॉक प्रमुख बाराकोट सीमा आर्या सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन मौजूद रहे। विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्राओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
फाउंडेशन का संदेश है— “स्वस्थ बेटी, सशक्त बेटी—यही हमारा सेवा संकल्प है।”