🔊
साहसी बच्चों को मिलेगा राज्यस्तरीय सम्मान, 17 अक्टूबर तक कराएं नामांकन
मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार 2026-27 के लिए शाम पांच बजे तक स्वीकार होंगे ऑनलाइन आवेदन
चंपावत। असाधारण साहस और वीरता का परिचय देने वाले बच्चों को मुख्यमंत्री राज्य बाल वीरता पुरस्कार 2026-27 से सम्मानित किया जाएगा। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के निर्देशों के क्रम में पुरस्कार के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी प्रकाश सिंह बृजवाल ने बताया कि छह वर्ष से अधिक एवं 18 वर्ष से कम आयु के ऐसे बच्चे पुरस्कार के पात्र हैं, जिन्होंने पिछले दो वर्षों में असाधारण वीरता अथवा साहस का प्रदर्शन कर समाज के सामने प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया हो।
उन्होंने बताया कि विभागीय वेबसाइट https://wecduk.in पर 17 अक्टूबर 2026 की शाम पांच बजे तक ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
बृजवाल ने संबंधित विभागों, संस्थाओं और आमजन से अपील की है कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई साहसी बच्चा हो तो निर्धारित समय सीमा के भीतर उसका नामांकन सुनिश्चित करें। इस पहल का उद्देश्य बच्चों के प्रेरणादायी कार्यों को पहचान देना और उन्हें राज्य स्तर पर सम्मानित एवं प्रोत्साहित करना है।