🔊
द पायर-पहाड़, पलायन और अकेलेपन के दर्द को बयां करती फिल्म प्रिमियर शो बेरीनाग मे।
बेरीनाग में दिखाई गई राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म पायर, पहाड़ से पलायन और बुजुर्गों की पीड़ा को किया उजागर
बेरीनाग। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्मकार विनोद कापड़ी की चर्चित फिल्म पायर का बुधवार को बेरीनाग के जीआईसी मैदान में प्रीमियर शो आयोजित किया गया। फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग पहुंचे। दर्शकों ने फिल्म की कहानी और भावनात्मक प्रस्तुति की सराहना की।
पहाड़ से पलायन की दर्दभरी कहानी
हिमालय की खूबसूरत वादियों की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म पहाड़ से पलायन और इसके कारण बुजुर्गों के जीवन में आने वाले अकेलेपन को संवेदनशीलता के साथ दिखाती है। फिल्म की कहानी एक बुजुर्ग दंपती के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी दुनिया उनका घर, पुरानी यादें और एक-दूसरे का साथ है। बेहतर अवसरों की तलाश में गांव छोड़कर दूर जा बसे बच्चों की प्रतीक्षा उनके जीवन का अहम हिस्सा बन जाती है।
वास्तविक जीवन के करीब कहानी
निर्देशक विनोद कापड़ी के अनुसार, पायर उन दो लोगों के प्रेम की कहानी है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन साथ बिताया है। फिल्म के माध्यम से पहाड़ के जीवन, रिश्तों और बदलते सामाजिक परिवेश को सामने लाने का प्रयास किया गया है।
18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है फिल्म
भागीरथी फिल्म्स और मशकबीन स्टूडियोज के बैनर तले विनोद कापड़ी, सुरेश जोशी और अरिंदम राय चौधरी द्वारा निर्मित इस फिल्म ने अब तक 18 अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार हासिल किए हैं, जिनमें 15 सर्वश्रेष्ठ फिल्म के पुरस्कार शामिल बताए गए हैं।
विभिन्न अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सम्मानित होने के बाद फिल्म 30 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।