🔊
चम्पावत को 96 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, हर ग्राम सभा को मिलेंगे 10 लाख रुपये
चम्पावत में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को करीब 96 करोड़ रुपये की 16 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान नवनिर्मित सर्किट हाउस और 1.37 करोड़ रुपये की लागत से बने देवभूमि रजत जयंती पार्क का लोकार्पण किया गया।
मुख्यमंत्री ने विकासखंड चम्पावत की प्रत्येक ग्राम सभा को 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके अलावा न्याय पंचायतों में सामुदायिक भवन और जिला बार एसोसिएशन में अधिवक्ता चैम्बर, पार्किंग व आधुनिक ई-लाइब्रेरी बनाने की घोषणा भी की।
सीएम धामी ने कहा कि आगामी 25 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए चम्पावत को आदर्श जनपद के रूप में विकसित किया जा रहा है। सड़क, परिवहन, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।