🔊
चम्पावत को करीब 96 करोड़ की सौगात, मुख्यमंत्री ने 16 परियोजनाओं का किया लोकार्पण और शिलान्यास।
सड़क, शिक्षा, कृषि और जनसुविधाओं को विस्तार; 67.24 करोड़ की 11 योजनाएं जनता को समर्पित
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान चम्पावत को लगभग 96 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने कुल 95 करोड़ 99 लाख 98 हजार रुपये की 16 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 67 करोड़ 24 लाख 36 हजार रुपये की 11 पूर्ण योजनाएं तथा 28 करोड़ 75 लाख 62 हजार रुपये की पांच नई परियोजनाएं शामिल हैं।
सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए टकनागूंठ–डांडामल्ला मोटर मार्ग स्टेज-दो, सिप्टी–न्याड़ी, रौसाल–डूंगराबोरा–चकसिलकोट और मरोड़ाखान–छंदा असवाड़ मोटर मार्गों के उच्चीकरण कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनसे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
मुख्यमंत्री ने नागार्जुन पार्क के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण, शवदाह गृह में सुविधाओं के विकास, सर्किट हाउस के विस्तारीकरण व उच्चीकरण, आईटीआई चम्पावत में कार्यशाला एवं तकनीकी प्रयोगशाला तथा कलेक्ट्रेट भवन के निर्माण कार्यों को भी जनता को समर्पित किया।
दूरस्थ नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में वायरलेस नेटवर्क की स्थापना और डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, टनकपुर में 98 बेड के महिला छात्रावास का भी लोकार्पण हुआ।
नई परियोजनाओं में गांवों में चेन लिंक फेंसिंग, राजकीय इंटर कॉलेज चम्पावत में चार कक्षा-कक्ष, छतार में कुमाऊँनी शैली का घंटाघर, देवीधुरा क्षेत्र के देचमार में मल्टीलेवल पार्किंग और विभिन्न क्षेत्रों में सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत को आदर्श जनपद बनाना सरकार की प्राथमिकता है। विकास योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि परियोजनाओं को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा कराने के लिए प्रशासन प्रयासरत है। नई योजनाओं से जनपद के समग्र विकास को गति मिलेगी।