🔊
ग्रामोत्थान परियोजना से बदली सुनीता सेठी की जिंदगी, गांव में कारोबार कर कमा रहीं ₹20 हजार महीना
चम्पावत की सुनीता बनीं ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की मिसाल
चम्पावत। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ग्रामोत्थान परियोजना (REAP) नई उम्मीद बन रही है। चम्पावत जनपद के ग्राम चौड़ासेठी निवासी सुनीता सेठी ने इस परियोजना की मदद से गांव में ही लेडीज कपड़ों और कॉस्मेटिक उत्पादों का व्यवसाय शुरू कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत सुनीता को व्यवसाय के विस्तार के लिए कुल 3.40 लाख रुपये की व्यवस्था की गई। इसमें 75 हजार रुपये योजना अनुदान, 1.90 लाख रुपये बैंक ऋण और 75 हजार रुपये उनका स्वयं का योगदान शामिल है।
इस वित्तीय सहयोग से सुनीता ने अपनी दुकान का विस्तार किया और लेडीज कपड़ों के साथ कॉस्मेटिक उत्पादों की विस्तृत रेंज ग्राहकों को उपलब्ध करानी शुरू की। उचित दरों पर बेहतर और अधिक सामान मिलने से उनकी दुकान पर ग्राहकों की संख्या में वृद्धि हुई।
आज सुनीता अपने व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 15 हजार से 20 हजार रुपये की आय अर्जित कर रही हैं। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और वह ग्रामीण क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणा बन रही हैं।
ग्रामोत्थान परियोजना के माध्यम से सुनीता की सफलता यह दर्शाती है कि वित्तीय सहयोग और स्वरोजगार के अवसर मिलने से ग्रामीण महिलाएं अपने गांव में ही रोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकती हैं।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: