🔊
पंचायत चुनाव- लोकतंत्र की डगर हुई जानलेवा - एक मतदान कर्मी की हार्ट अटैक से मौत, दूसरे का पैर टूटा
मुनस्यारी, 22 जुलाई 2025 | चम्पावत न्यूज़
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025 के तहत सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के मुनस्यारी विकासखंड में मतदान ड्यूटी पर तैनात एक कर्मी की ड्यूटी स्थल पर पहुंचने के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई, जबकि एक अन्य पीठासीन अधिकारी बूथ की ओर जाते समय गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीएमओ कार्यालय में तैनात वरिष्ठ सहायक मनीष पंत (44 वर्ष) मंगलवार सुबह प्राथमिक विद्यालय गोल्फा में बने पोलिंग बूथ के लिए रवाना हुए थे। सड़क मार्ग के बाद टीम को करीब चार किलोमीटर की खड़ी चढ़ाई तय करनी थी। इस दौरान अचानक उनके सीने में तेज दर्द हुआ और कुछ ही पलों में वह बेहोश होकर गिर पड़े। साथी कर्मियों द्वारा तत्काल सूचना देने के बाद रेस्क्यू टीम को भेजा गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
वहीं, दूसरे मामले में पीठासीन अधिकारी गौरव कुमार, जो चामी भैंसकोट बूथ की ओर जा रहे थे, फिसलन भरे बदहाल रास्ते पर फिसलकर गिर पड़े, जिससे उनका पैर टूट गया। उन्हें रेस्क्यू कर नाचनी स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से गंभीर स्थिति में उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। उनकी जगह दूसरे अधिकारी को तैनात किया गया है।
आरओ दिगंबर आर्य ने इन दोनों घटनाओं की पुष्टि करते हुए कहा कि दुर्गम मार्ग और मौसम की स्थिति में भी कर्मी पूरी निष्ठा से ड्यूटी निभा रहे हैं। यह हादसे लोकतंत्र की राह में आई विकट परिस्थितियों को दर्शाते हैं।