🔊
जंगली मशरूम ने छीनी दो जिंदगियां - पति की भी मौत, पत्नी पहले ही जंगली मशरूम खाकर गंवा चुकी थी जान
पौड़ी गढ़वाल में जंगली मशरूम खाने से एक और दर्दनाक हादसा हो गया। श्रीकोट गांव निवासी 70 वर्षीय महावीर सिंह की बृहस्पतिवार को देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले उनकी पत्नी की भी जंगली मशरूम खाने से मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
जानकारी के मुताबिक, 11 अगस्त को महावीर सिंह और उनकी पत्नी ने जंगली मशरूम की सब्जी खाई थी। इसे खाने के कुछ देर बाद दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। जहां पत्नी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं गंभीर हालत में महावीर सिंह को 12 अगस्त को देहरादून के महंत इंद्रेश अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
पटेलनगर कोतवाली पुलिस को अस्पताल से महावीर सिंह की मौत की सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचायतनामा और पोस्टमार्टम कराया है।
पहाड़ों में अकसर लोग जंगली मशरूम को खाद्य मशरूम समझकर खा लेते हैं, लेकिन कई किस्में जहरीली होती हैं और जानलेवा साबित होती हैं।