🔊
उत्तराखंड - पहाड़ की बेटियों को मिलेगा मुफ्त परिवहन सुविधा, कॉलेज फ्री में आ जा सकेंगी छात्राएं, जल्द कैबिनेट में आएगा प्रस्ताव
देहरादून। प्रदेश के पर्वतीय महाविद्यालयों में पढ़ रही बेटियों के लिए सरकार अब बड़ी सौगात देने जा रही है। उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सरकार बेटियों को मुफ्त परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है। इसके लिए प्रस्ताव जल्द ही कैबिनेट में लाया जाएगा।
उच्च शिक्षा निदेशक वीपीएस खाती ने बताया कि परिवहन सुविधा के अभाव में कई प्रतिभावान बेटियाँ उच्च शिक्षा से वंचित रह जाती हैं। अब राज्य सरकार उनके आने-जाने का पूरा खर्च वहन करेगी। इससे न केवल छात्राओं की संख्या बढ़ेगी बल्कि उच्च शिक्षा की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
फिलहाल प्रदेश के 118 सरकारी महाविद्यालयों में करीब 70 हजार छात्राएँ अध्ययनरत हैं। इनके लिए परिवहन व्यवस्था लागू होने से पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी और परिवारों का आर्थिक बोझ भी कम होगा।
छात्राओं के लिए सरकार की अन्य योजनाएँ
प्रदेश सरकार नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्राओं को मुफ्त साइकिल भी दे रही है। मैदानी क्षेत्रों में सीधे छात्राओं के खातों में 2850 रुपये भेजे जा रहे हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में बैंक एफडी दी जा रही है।
छात्राओं के लिए 25 छात्रावास बनाए गए हैं, ताकि वे पढ़ाई के दौरान ठहरने की समस्या से जूझे बिना शिक्षा प्राप्त कर सकें।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि बेटियों की पढ़ाई में कोई बाधा न आए, इसके लिए राज्य सरकार हर संभव कदम उठा रही है। मुफ्त परिवहन सुविधा का प्रस्ताव भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।