🔊
दर्दनाक - कुत्ते के काटने के छह माह बाद युवक की मौत, रेबीज संक्रमण के लक्षण दिखने पर भी नहीं बच सकी जान
देहरादून- 26 अगस्त 2025
देहरादून में कुत्ते के काटने के छह माह बाद रेबीज संक्रमण से 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। रविवार को गंभीर हालत में उसे दून अस्पताल लाया गया था। करीब तीन घंटे तक उपचार के बाद उसकी स्थिति बिगड़ने पर एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन सोमवार सुबह सात बजे उसने दम तोड़ दिया।
युवक में पानी और उजाले से डर लगना, मुंह से लगातार लार गिरना और तीव्र आक्रामकता जैसे रेबीज संक्रमण के सामान्य लक्षण दिखाई दे रहे थे। चिकित्सकों और परिजनों के मुताबिक युवक को छह माह पूर्व कुत्ते ने काटा था, लेकिन उसने एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं लगवाई थी।
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रविंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि रेबीज का कोई इलाज नहीं है। एक बार संक्रमण हो जाने के बाद मरीज को बचाना संभव नहीं होता। इसलिए लोगों को जागरूक होना चाहिए और कुत्ते के काटते ही तुरंत एंटी रेबीज इंजेक्शन लगवाना चाहिए।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि समय पर वैक्सीन लगवाने से रेबीज से 100% बचाव संभव है, लेकिन संक्रमण फैलने के बाद यह बीमारी लाइलाज है।