🔊
जूते के डिब्बे में छिपे कोबरा ने लिया मासूम की जान, परिवार में मचा कोहराम
उत्तराखंड के रामनगर क्षेत्र के गौजानी मोहल्ले में शनिवार देर शाम दर्दनाक हादसा हो गया। घर में तख़्त के नीचे रखे जूते के डिब्बे में छिपे कोबरा के डसने से नौ वर्षीय अनस की मौत हो गई।
ऐसे हुआ हादसा
अनस (9) पुत्र अफजाल खान तख़्त के पास खेल रहा था। उसका पैर नीचे रखे जूते के डिब्बे पर पड़ गया, जिसमें कोबरा छिपा बैठा था। अनस को लगा कि कोई कीड़ा उसकी टांग में लिपट गया है और काट लिया है। जब उसने मां को बताया तो खून बहता देख सब घबरा गए। पड़ोसियों ने बच्चे के बताए स्थान पर देखा तो तख़्त के नीचे कोबरा बैठा मिला।
अस्पताल ले जाने पर भी नहीं बची जान
परिजन तुरंत अनस को लेकर रामनगर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने एंटी वेनम इंजेक्शन लगाकर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन बाजपुर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टर और विशेषज्ञों ने क्या कहा
डॉ. तौहीब, रामनगर अस्पताल ने बताया कि बच्चे की टांग पर दो से तीन जगह सांप के काटने के निशान थे और उसे बेहोशी की हालत में लाया गया था।
सेव द स्नेक सोसायटी के सदस्य अर्जुन कश्यप ने पुष्टि की कि पकड़ा गया सांप कोबरा प्रजाति का है।
परिवार में मातम
अनस की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर छा गई।