🔊
रोडवेज बस अड्डे पर फायरिंग के बाद पुलिस के शिकंजे में आया आरोपी, घेराबंदी के दौरान खुद को मारी गोली
हरिद्वार। हरियाणा के जींद जिले से फरार चल रहे बदमाश ने शनिवार को हरिद्वार रोडवेज बस अड्डे के पास हरियाणा पुलिस टीम पर हमला करते हुए उप निरीक्षक सुरेंद्र को गोली मार दी थी। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
रविवार को देहरादून में पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी ने खुद पर ही गोली चला ली, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आरोपी देहरादून के लक्ष्मण चौक के पास एक परिचित अधिवक्ता के यहां ठहरा हुआ था। जैसे ही पुलिस टीम वहां पहुंची, उसने आत्मघाती कदम उठाते हुए पिस्तौल से खुद को गोली मार ली।
इससे पहले शनिवार को रोडवेज बस अड्डे पर दरोगा सुरेंद्र आरोपी की तलाश में पहुंचे थे। आरोपी को पकड़ने की कोशिश के दौरान हाथापाई हुई और इस बीच उसने गोली चला दी। गोली दरोगा के पेट और कोहनी में लगी। घायल दरोगा को पहले हरिद्वार के अस्पताल और बाद में ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी जींद जिले के एसपी को धमकी देने के मामले में वांछित था और उसकी लोकेशन हरिद्वार में ट्रेस की गई थी।