🔊
लोहाघाट में सजेगा जिले की सांस्कृतिक प्रतिभाओं का मंच, 7 और 8 अक्टूबर को होगी जनपद स्तरीय संस्कृति स्पर्धा
चंपावत जिले के स्कूली छात्र-छात्राओं की सांस्कृतिक प्रतिभा को अब जनपद स्तर पर मंच मिलने जा रहा है। 7 और 8 अक्टूबर को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) लोहाघाट में जनपद स्तरीय संस्कृति स्पर्धा का आयोजन किया जाएगा।
चारों विकासखंडों के विजेता छात्र-छात्राएं इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विकासखंड स्तर पर विभिन्न विधाओं में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागी ही जनपद स्तरीय स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।
प्रतियोगिता के जिला समन्वयक वेद प्रकाश पंत ने बताया कि जनपद स्तरीय आयोजन की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रतियोगिता में कुल छह सांस्कृतिक विधाओं में मुकाबले होंगे।
श्लोक उच्चारण
नाटक (एकांकी)
आशुभाषण
वाद-विवाद
समूह गान
समूह नृत्य
ब्लॉक स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके छात्र-छात्राएं अब जिला स्तर के मंच पर अपनी कला, ज्ञान, भाषाई दक्षता और लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करेंगे।
आयोजन को भव्य, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विद्यालय एवं शिक्षा विभाग की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। 7 और 8 अक्टूबर को जीजीआईसी लोहाघाट में जिले की युवा सांस्कृतिक प्रतिभाओं का शानदार संगम देखने को मिलेगा।