🔊
शिक्षकों की कमी से देवीनगर पॉलीटेक्निक में पढ़ाई प्रभावित, सप्ताह में सिर्फ 3 दिन बुलाए जा रहे छात्र
राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज देवीनगर में शिक्षकों की कमी के चलते छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होने का मामला सामने आया है। पर्याप्त शिक्षक नहीं होने से संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था पर असर पड़ रहा है और विद्यार्थियों को नियमित कक्षाएं नहीं मिल पा रही हैं।
सबसे अधिक परेशानी कंप्यूटर साइंस विभाग के विद्यार्थियों को हो रही है। विभाग में द्वितीय और तृतीय वर्ष के छात्रों को पढ़ाने के लिए फिलहाल केवल एक शिक्षक उपलब्ध होने की बात सामने आई है। इसके चलते छात्र-छात्राओं को सप्ताह में मात्र तीन दिन कॉलेज बुलाया जा रहा है।
छात्र निखिल पंत ने इस समस्या को गंगोलीहाट विधायक फकीर राम टम्टा के समक्ष दूरभाष के माध्यम से रखा। उन्होंने विधायक को बताया कि शिक्षकों की कमी के कारण पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है और विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण समय भी बर्बाद हो रहा है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक फकीर राम टम्टा ने छात्रों को आश्वासन दिया कि कॉलेज में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों से वार्ता की जाएगी और जल्द नई नियुक्तियों के प्रयास किए जाएंगे।
अब छात्र-छात्राओं को उम्मीद है कि शासन और विभाग स्तर से जल्द कार्रवाई होगी और कॉलेज में पर्याप्त शिक्षकों की तैनाती कर नियमित कक्षाएं सुचारू की जाएंगी।