🔊
2 अक्टूबर को चंपावत में गूंजेगा गांधी-शास्त्री के विचारों का संदेश, जिलाधिकारी ने दिए भव्य आयोजन के निर्देश
महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर जिलेभर में होंगे कार्यक्रम, सरकारी कार्यालयों से लेकर स्कूलों तक चलेगा स्वच्छता अभियान
चंपावत में 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती गरिमापूर्ण एवं भव्य रूप से मनाई जाएगी। आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में बैठक हुई।
जिलाधिकारी ने सभी सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में जयंती समारोह आयोजित करने और तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
गांधी-शास्त्री के जीवन और विचारों को किया जाएगा याद
जयंती के अवसर पर महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके जीवन, विचारों, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया जाएगा।
जिलेभर में चलेगा वृहद स्वच्छता अभियान
2 अक्टूबर को सरकारी कार्यालयों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख मार्गों और अन्य स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
स्कूलों में बच्चों को बताए जाएंगे गांधी-शास्त्री के आदर्श
विद्यालयों में विद्यार्थियों को सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा जैसे मूल्यों से जोड़ने वाले कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों में जनसहभागिता सुनिश्चित करने और सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ अजय सिंह, एडीएम के.एन. गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बी.सी. पंत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।