🔊
बड़ा हादसा, ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत 14 मजदूर बह गए - 8 के शव बरामद, 6 लापता
देहरादून, 16 सितम्बर।
दून घाटी की नदियों में हो रही तेज बारिश मौत बनकर बह रही है। मंगलवार सुबह आसन नदी में बड़ा हादसा हो गया, जहाँ पत्थर चुगान के लिए निकले 14 मजदूर अचानक आए सैलाब में ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत बह गए।
मौके पर मौजूद परिजन और ग्रामीण चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन तेज बहाव के आगे कोई कुछ नहीं कर सका। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुँचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अब तक 2 मजदूरों को सकुशल बचा लिया गया है, जबकि 8 के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद हुए हैं। 4 मजदूरों की तलाश एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें लगातार कर रही हैं।
बताया जा रहा है कि सभी मजदूर मुरादाबाद के आसपास के रहने वाले थे और परवल गांव के पास अस्थायी झोपड़ियों में रहते थे। रोज की तरह वे सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से पत्थर चुगान के लिए निकले थे, तभी अचानक नदी में पानी का बहाव बढ़ गया और ट्रॉली समेत सभी मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे की खबर से मजदूरों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन ने राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं और लापता मजदूरों को तलाशने के लिए नदी किनारे सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है।