🔊
आपसी सहमति से लोहाघाट पीजी कॉलेज में धीमा पड़ा छात्रसंघ चुनाव का शोर।
11 में से सात पदों पर बनी सहमति, नामांकन सही पाए जाने पर निर्विरोध होगा निर्वाचन; शेष पदों पर भी सहमति के प्रयास जारी
लोहाघाट। जनपद में सबसे अधिक छात्र संख्या वाले स्वामी विवेकानंद राजकीय पीजी कॉलेज लोहाघाट में छात्रसंघ चुनाव को लेकर इस बार छात्रों ने आपसी समझ और सहमति का रास्ता अपनाया है। चुनावी गतिविधियों के बीच 11 पदों में से सात पदों पर छात्रों के बीच सहमति बन गई है। इससे कॉलेज में चुनावी शोर काफी हद तक धीमा पड़ गया है।
यदि नामांकन पत्रों की जांच में सभी नामांकन सही पाए जाते हैं तो छात्रसंघ अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, छात्रा उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव, सांस्कृतिक सचिव और वाणिज्य संकाय प्रतिनिधि पद पर निर्विरोध निर्वाचन तय हो जाएगा। नामांकन पत्रों की जांच की प्रक्रिया जारी है, जिसके बाद इन पदों की स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
वहीं, छात्रों की ओर से छात्रसंघ के शेष पदों पर भी आपसी सहमति बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। छात्रों का एक बड़ा वर्ग पूरे चुनाव को निर्विरोध संपन्न कराने पर जोर दे रहा है। छात्रों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में लगने वाली ऊर्जा और समय यदि अध्ययन एवं रचनात्मक गतिविधियों में लगाया जाए तो इससे विद्यार्थियों के भविष्य को बेहतर दिशा मिल सकती है और उनके जीवन में नए आयाम जुड़ सकते हैं।
छात्रों के बीच सहमति बनने से कॉलेज परिसर में चुनावी माहौल अपेक्षाकृत शांत बना हुआ है। वहीं कॉलेज प्रशासन भी चुनाव प्रक्रिया को नियमानुसार और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में जुटा है।
चुनाव प्रभारी डॉ. नवल किशोर लोहनी ने बताया कि कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव की प्रक्रिया बेहद शांतिपूर्वक ढंग से चल रही है। नामांकन पत्रों की जांच की जा रही है और चुनाव से संबंधित सभी प्रक्रियाएं निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जा रही हैं।