🔊
कोतवाली पंचेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह कप्रवाण ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा, लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश
चम्पावत, 26 सितंबर 2026। क्षेत्राधिकारी चम्पावत देवेंद्र सिंह कप्रवाण ने 25 सितंबर को कोतवाली पंचेश्वर का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कोतवाली की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मालखाने में रखे माल का भौतिक सत्यापन किया गया। सरकारी संपत्ति, शस्त्रों के रखरखाव एवं हैंडलिंग, लावारिस माल और वाहनों सहित संबंधित अभिलेखों की भी बारीकी से जांच की गई।
क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं और अभियोगों की समीक्षा करते हुए विवेचकों को मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही CCTNS, थाना अभिलेख, मैस, बैरक, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और दंगा नियंत्रण उपकरणों का भी निरीक्षण किया गया।
पुलिस कर्मियों की दक्षता और शस्त्र संचालन क्षमता परखने के लिए राइफल खोलने-जोड़ने का अभ्यास कराया गया। शस्त्रों के सुरक्षित एवं प्रभावी संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कर्मियों का सम्मेलन आयोजित कर उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी ने ग्राम प्रहरियों और सीएलजी सदस्यों के साथ गोष्ठी भी की। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अवैध गतिविधियों, नशे और अपराधों की रोकथाम के लिए पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की।
इसके अतिरिक्त नवनिर्मित पुलिस चौकी मडलक का कार्यदायी संस्था RWD के अधिकारियों के साथ भौतिक निरीक्षण किया गया। चौकी भवन के निर्माण में सामने आई कुछ कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को क्षेत्र में पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने तथा आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: