🔊
चम्पावत के चारों विकासखंडों में बनेंगे खेल मैदान, करीब 30 स्थानों पर 1.71 करोड़ रुपये से अधिक के खेल अवस्थापना कार्य प्रस्तावित, ग्रामीण युवाओं को गांव के नजदीक मिलेंगी खेल सुविधाएं।
चम्पावत, 26 सितंबर 2026। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए चम्पावत, पाटी, लोहाघाट और बाराकोट विकासखंडों में करीब 30 स्थानों पर खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए जिला योजना से 171 लाख रुपये से अधिक की धनराशि प्रस्तावित की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि जनपद की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बेहतर अवसर और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों में खेल मैदान बनने से बच्चों और युवाओं को नियमित अभ्यास के लिए स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने संबंधित विभागों को प्रस्तावित कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत तेजी से आगे बढ़ाने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं।
लोहाघाट विकासखंड में दिगालीचौड़, बसकुनी, कलचौड़ा और मढुवा सहित विभिन्न स्थानों पर खेल मैदान प्रस्तावित हैं। बाराकोट विकासखंड में चौमेल, ईजड़ा, नदेड़ा, आगर और बाराकोट में खेल मैदान विकसित किए जाएंगे। बाराकोट में खेल मैदान के साथ आवश्यक अवस्थापना विकास के कार्य भी प्रस्तावित हैं।
पाटी विकासखंड में चौड़ामेहता, चौड़कोट, मछियाड़ और मूलाकोट सहित विभिन्न क्षेत्रों में खेल मैदान प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं चम्पावत विकासखंड में पिनानातलाड़ी, दुधौरी, अमकड़िया, बमनजौल, ककनई, खटोली, सिमल्टा, नरसिंह डांडा, दयूरी, खर्ककार्की, कोट अमोड़ी, गुदमी, दुबड़जैनल, मटेला, मथियाबाज और चंदनी सहित विभिन्न स्थानों पर खेल मैदान विकसित किए जाने प्रस्तावित हैं।
प्रस्तावित निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग को दी गई है। जिला युवा कल्याण अधिकारी जसवंत सिंह खड़ायत ने बताया कि चारों विकासखंडों में करीब 30 स्थानों पर खेल मैदान और संबंधित अवस्थापना विकास के कार्य प्रस्तावित हैं। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कराए जाएंगे।
खेल मैदान विकसित होने से दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं को अपने गांव और क्षेत्र के नजदीक खेल अभ्यास की सुविधा मिलेगी। इससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ खिलाड़ियों को ब्लॉक, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी का अवसर मिलेगा।