🔊
चम्पावत में SARRA और 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा, विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर।
चम्पावत में SARRA और 25 सूत्रीय कार्यक्रमों की समीक्षा, विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता पर जोर
15 जल स्रोतों के उपचार के लिए स्वीकृत हुई डीपीआर, 10 परियोजनाएं पूर्ण; शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
चम्पावत, 26 सितंबर 2026। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति, स्प्रिंग एंड रिवर रिजुविनेशन अथॉरिटी (SARRA) एवं 25 सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिशासी अभियंता, लघु सिंचाई एवं सदस्य सचिव SARRA विमल कुमार सूंठा ने जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में चम्पावत जिले के 15 जल स्रोतों के उपचार के लिए डीपीआर स्वीकृत हुई है। इनमें चम्पावत विकासखंड के 10 तथा पाटी विकासखंड के 5 जल स्रोत शामिल हैं। इन परियोजनाओं के लिए आवंटन प्राप्त हो चुका है। चम्पावत विकासखंड की सभी 10 परियोजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि पाटी विकासखंड की 5 परियोजनाओं में से 4 पर कार्य प्रगति पर है। शेष एक परियोजना को भी जल्द पूरा करने के लिए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने 'एक जनपद-एक नदी' के तहत चयनित गौड़ी नदी परियोजना की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को उपलब्ध बजट का उचित उपयोग सुनिश्चित करने तथा शीघ्र उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए।
वहीं 'कालसन मोलेस्वर' परियोजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लघु सिंचाई विभाग को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने तथा अवशेष धनराशि जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वीकृत डीपीआर के प्रावधानों के अनुरूप ही सभी निर्माण कार्य किए जाएं और कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण हों। उन्होंने पारदर्शिता एवं डिजिटलीकरण को बढ़ावा देने के लिए निर्मित सभी संरचनाओं का डेटा अनिवार्य रूप से J.S.J.B.-CTR 3.0 पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए।
परियोजना स्थलों पर 'हरित चम्पावत, आदर्श चम्पावत' नाम से पूर्ण विवरण वाले साइनेज बोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी के लिए गठित जिला स्तरीय निगरानी समिति को समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण करने को कहा गया।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी धिनो पुरुषोत्तम, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दीप्तकीर्ति तिवारी, समस्त खंड विकास अधिकारी, SARRA की टीम सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।