🔊
रेड अलर्ट के बीच प्रशासन अलर्ट, एसडीएम लोहाघाट ने तहसील क्षेत्र का किया स्थलीय निरीक्षण, लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
चम्पावत, 26 सितंबर 2026। जनपद में भारी वर्षा और मौसम विभाग द्वारा जारी रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर आपदा की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उपजिलाधिकारी लोहाघाट नीतू डांगर ने तहसील लोहाघाट और राजस्व पुलिस क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और किसी भी प्रकार की क्षति या अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
तहसील प्रशासन ने सभी पटवारियों और क्षेत्रीय अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी आपात स्थिति या सूचना पर तत्काल राहत एवं सहायता पहुंचाने के लिए प्रशासनिक टीमों को मुस्तैद रखा गया है।
एसडीएम ने आम लोगों से रेड अलर्ट के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। उन्होंने नदी, नालों, गधेरों और संवेदनशील घाटों की ओर जाने से बचने के साथ बच्चों को भी ऐसे स्थानों से दूर रखने की अपील की।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार लोहाघाट मोइन मलिक सहित अन्य विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: