🔊
पंचायत उपचुनाव के लिए RO और ARO तैनात, चम्पावत में 20, लोहाघाट में 17, पाटी में 34 और बाराकोट में 19 रिक्त पदों के लिए अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
पंचायत उपचुनाव के लिए RO और ARO तैनात
चम्पावत में 20, लोहाघाट में 17, पाटी में 34 और बाराकोट में 19 रिक्त पदों के लिए अधिकारियों को मिली जिम्मेदारी
चम्पावत, 26 सितंबर 2026। त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मनीष कुमार ने विकासखंडवार रिटर्निंग अधिकारी (RO) और सहायक रिटर्निंग अधिकारी (ARO) की तैनाती कर दी है।
जारी आदेश के अनुसार चम्पावत विकासखंड में 20 रिक्त पदों के लिए खंड विकास अधिकारी रमेश चंद्र जोशी को रिटर्निंग अधिकारी तथा सहायक खंड विकास अधिकारी एल.एल. वर्मा को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है।
लोहाघाट विकासखंड में 17 रिक्त पदों के लिए खंड विकास अधिकारी कविंद्र सिंह रावत को रिटर्निंग अधिकारी और सहायक खंड विकास अधिकारी उमाकांत पंत को सहायक रिटर्निंग अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
पाटी विकासखंड में 34 रिक्त पदों के लिए प्रभारी खंड विकास अधिकारी जगदीश सिंह काकी को रिटर्निंग अधिकारी तथा सहायक समाज कल्याण अधिकारी गणेश सिंह महर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।
वहीं बाराकोट विकासखंड में 19 रिक्त पदों के लिए सहायक खंड विकास अधिकारी जाकिर हुसैन को रिटर्निंग अधिकारी और सहायक समाज कल्याण अधिकारी अमित गहतोड़ी को सहायक रिटर्निंग अधिकारी बनाया गया है।
नामांकन प्रक्रिया के लिए संबंधित विकासखंड सभागारों को निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने तैनात अधिकारियों को राज्य निर्वाचन आयोग की निर्देश पुस्तिका के प्रावधानों का पूरी तरह पालन करते हुए निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं।
सहायक रिटर्निंग अधिकारी नामांकन से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया के लिए अधिकृत एवं जिम्मेदार रहेंगे। अधिसूचना जारी होने के बाद निर्वाचन कार्यक्रम का स्थानीय समाचार पत्रों, ग्राम पंचायतों में मुनादी तथा कार्यालयों के सूचना पट्टों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
पूरी उप निर्वाचन प्रक्रिया उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम और राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।