🔊
दिल दहला देने वाली वारदात : दुष्कर्म के बाद किशोरी की धारदार हथियार से हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव
जसपुर (उधम सिंह नगर)। मंगलवार को जसपुर क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब एक आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी का शव घर से महज 50 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में खून से लथपथ मिला। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म के बाद धारदार हथियार से हत्या की आशंका जताई जा रही है।
घटना का विवरण
ग्राम अमियावाला निवासी किशोरी तालबपुर के सरकारी स्कूल में कक्षा आठ की छात्रा थी। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे वह घर से बाहर निकली, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान उसकी मां ने गन्ने के खेत में बेटी को खून से सनी हालत में देखा तो उसके होश उड़ गए। ग्रामीणों की मदद से उसे सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
ईएमओ डॉ. आशु सिंघल के अनुसार, किशोरी के पेट पर धारदार हथियार से वार किया गया था। हाथ में फ्रैक्चर के निशान थे और प्राइवेट पार्ट से खून बह रहा था। हालात को देखकर दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका गहरी हो गई है।
ग्रामीणों का हंगामा
घटना के बाद ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने किशोरी के पिता को जेल से बुलाने की शर्त पर शव पोस्टमार्टम के लिए उठाने से इनकार कर दिया। करीब तीन घंटे की गहमागहमी के बाद एसपी क्राइम निहारिका तोमर, एसपी काशीपुर अभय प्रताप सिंह और विधायक आदेश सिंह चौहान के समझाने पर स्थिति शांत हुई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आश्वासन दिया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जाएगी। शव का वीडियोग्राफी के साथ चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया जाएगा। देर रात सुरक्षा के बीच शव को काशीपुर मोर्चरी भेज दिया गया। एसपी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है और न्यायालय से पेरोल की डिमांड कर किशोरी के पिता को बुलाने की प्रक्रिया की जाएगी।