🔊
यूकेएसएसएससी परीक्षा पर फिर पेपर लीक का साया, सोशल मीडिया पर वायरल हुए तीन पेज
देहरादून। पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड हाकम सिंह की गिरफ्तारी के एक दिन बाद ही अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSSC) की स्नातक स्तरीय परीक्षा फिर विवादों में घिर गई। रविवार सुबह परीक्षा शुरू होने के 35 मिनट बाद ही प्रश्नपत्र के तीन पेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इससे परीक्षा पर दोबारा पेपर लीक का साया मंडराने लगा है।
राज्यभर के 445 केंद्रों पर सुबह 11 बजे से परीक्षा शुरू हुई थी। लेकिन करीब 11:35 बजे सोशल मीडिया पर प्रश्नपत्र के तीन पेज वायरल होने लगे। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब अभ्यर्थियों ने अपने प्रश्नपत्र से तुलना की, तो वायरल सवाल एक जैसे पाए गए।
जैमर लगाए जाने के बावजूद पेपर बाहर आने से आयोग सकते में है। मामले की जांच के लिए आयोग ने एसएसपी देहरादून और एसएसपी एसटीएफ को पत्र भेजा है। साथ ही आयोग अपने स्तर से भी जांच कर रहा है।
आयोग अध्यक्ष जीएस मर्तोलिया ने कहा—
"इसे सीधे-सीधे पेपर लीक नहीं कह सकते। यह चिंता का विषय जरूर है। किसी सेंटर से तीन पेज बाहर आए हैं, जिसकी जांच की जा रही है। सभी सेंटरों पर जैमर लगे थे, ऐसे में यह घटना आश्चर्यजनक है। विस्तृत जांच कराई जा रही है।"
ऋषिकेश में महिला से पूछताछ
इस बीच, जांच की आंच ऋषिकेश तक पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार, शहर की एक महिला को परीक्षा का पेपर पहले ही उपलब्ध हो गया था। महिला का परीक्षा केंद्र हरिद्वार बताया जा रहा है। मामले की तहकीकात के लिए एसओजी हरिद्वार की टीम ऋषिकेश पहुंची और महिला से पूछताछ की। हालांकि प्रशासन ने महिला की पहचान और उसे हिरासत में लिए जाने पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पेपर लीक का यह नया मामला प्रदेशभर में फिर से चर्चाओं का विषय बन गया है।