🔊
पेपर बाहर पहुंचाने का सूत्रधार खालिद गिरफ्तार, बहन न्यायिक हिरासत में
देहरादून, 23 सितम्बर।
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षा का प्रश्न पत्र परीक्षा केंद्र से बाहर पहुंचाने के मामले में पुलिस ने मुख्य सूत्रधार खालिद को मंगलवार को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया। दो दिन से पुलिस उसकी तलाश में थी। रात को उसे हरिद्वार से हिरासत में लेकर देहरादून लाया गया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में यह स्पष्ट हो गया है कि यह मामला पेपर लीक का नहीं, बल्कि खालिद की परीक्षा पास कराने के लिए रची गई साजिश है। इसमें खालिद के पीछे एक अज्ञात मास्टरमाइंड की भूमिका सामने आई है, जिसने परीक्षा केंद्र से प्रश्न पत्र के 12 सवाल बाहर भिजवाए। पुलिस जल्द ही उस तक भी पहुँचेगी।
एसएसपी ने कहा कि पुलिस अब दो एंगल पर जांच कर रही है। पहला, इस साजिश में कौन-कौन शामिल था, जिसकी कड़ियां पुलिस के हाथ लग चुकी हैं। दूसरा, प्रश्न पत्र किस तरीके से बाहर भेजकर जवाब मंगाए गए। इससे आयोग को सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने में मदद मिलेगी। अब तक की विवेचना में किसी संगठित गैंग या गिरोह की संलिप्तता नहीं मिली है।
जांच में सामने आया है कि खालिद, उसकी बहन साबिया, हीना और टिहरी की सहायक प्रोफेसर सुमन इसमें शामिल हैं। इनमें से अज्ञात व्यक्ति की तलाश जारी है।
साबिया जेल भेजी, खालिद से और पूछताछ होगी
एसआईटी की विवेचना अधिकारी एसपी (देहात) जया बलोनी ने बताया कि साबिया को पता था कि उसका भाई खालिद बहादुरपुर जट परीक्षा केंद्र पर परीक्षा दे रहा था। इसके बावजूद उसने प्रश्न पत्र के स्क्रीनशॉट सहायक प्रोफेसर सुमन को भेजे और उनसे उत्तर प्राप्त किए। साबिया को प्रश्न पत्र भेजने वाले की तलाश अभी जारी है।
पुलिस ने खालिद को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। आवश्यकता पड़ने पर बुधवार को उसे कस्टडी रिमांड पर लिया जाएगा। वहीं, उसकी बहन साबिया को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।