🔊
सोनल पांडेय ने NET-JRF परीक्षा अर्थशास्त्र विषय में उत्तीर्ण की, महाविद्यालय में खुशी की लहर
स्वामी विवेकानंद राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, लोहाघाट की छात्रा सोनल पांडेय ने राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा नेट जेआरएफ (NET-JRF) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अर्थशास्त्र विषय में सफलता अर्जित की है। सोनल ने यह परीक्षा 320 अंक और 99.99 प्रतिशत स्कोर के साथ उत्तीर्ण की, जो कि किसी भी छात्र के लिए गौरव की बात है।
इस सफलता के उपलक्ष्य में महाविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में सोनल का स्वागत व सम्मान किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना त्रिपाठी ने इसे संस्थान के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि सोनल की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरणा देगी।
सोनल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता और विशेष रूप से डॉ. अर्चना त्रिपाठी को दिया, जिन्हें उन्होंने अपनी प्रेरणा स्रोत बताया। उल्लेखनीय है कि सोनल इससे पूर्व यू-सेट परीक्षा भी उत्तीर्ण कर चुकी हैं।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. संगीता गुप्ता ने भी सोनल की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. सुनील कुमार, राहुल चौबे, रोज़ी परवीन, ललिता, विनीता भौरियाल, राहुल कुमार सहित अन्य उपस्थितजन भी इस उपलब्धि से गदगद दिखे।
सोनल की इस सफलता ने न केवल महाविद्यालय बल्कि पूरे लोहाघाट क्षेत्र का नाम रोशन किया है।