🔊
भालू का आतंक: घास लेने गए दंपती पर हमला, पति की मौत - पत्नी गंभीर रूप से घायल
चमोली। जनपद के डुमक गांव में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब घास लेने गए दंपती पर भालू ने हमला कर दिया। इस हमले में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार, डुमक गांव निवासी सुंदर सिंह और उनकी पत्नी लीला देवी सुबह मवेशियों के लिए घास लेने जंगल की ओर गए थे। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाए बैठे एक भालू ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
हमले में सुंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लीला देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें किसी तरह गांव तक लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एयर एंबुलेंस से ऋषिकेश एम्स रेफर किया गया।
ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और भालू की तलाश करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।