🔊
दिवाली की खुशियों के बीच तेज रफ्तार से बुझा घर का चिराग, गलत दिशा से आई कार ने किशोर को रौंदा
देहरादून। शहर में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। प्रेमनगर क्षेत्र की मांडूवाला रोड पर गलत दिशा में चल रही कार ने बाइक सवार 17 वर्षीय अंशुल कंबोज को टक्कर मार दी, जिससे उसकी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। अंशुल मूल रूप से हरियाणा के करनाल का रहने वाला था और मांडूवाला के एक हॉस्टल में रहकर प्राइवेट कार्य कर रहा था।
यह हादसा 14 अक्तूबर की शाम करीब 5.30 बजे हुआ। पुलिस ने मृतक के मामा संदीप चौहान की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया है।
इसी दिन क्लेमंटटाउन थाना क्षेत्र के टर्नर रोड लेन नंबर-7 पर भी एक कार ने बाइक सवार सावन थापा को टक्कर मार दी। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के भाई की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, पटेलनगर क्षेत्र में देहराखास स्थित काली मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मनप्रीत नामक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने आरोपी चालक अयान के खिलाफ भी लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया है।