🔊
ब्लाइंड केस से गिरफ्तारी तक - कैसे सीसीटीवी ने खोला मर्डर का सच, प्यार, शक और जुनून का खौफनाक अंत: श्यामपुर में अधजली लाश के पीछे की कहानी
श्यामपुर जंगल में मिली अधजली लाश के पीछे की सच्चाई किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं। यह कहानी है उस प्यार की, जिसने शक और जिद के रास्ते होते हुए खून और तबाही में बदल गई।
प्यार से शुरू होकर कत्ल पर खत्म हुई कहानी
ऊधमसिंह नगर निवासी सलमान कभी सऊदी अरब में नौकरी करता था। कमाई अच्छी थी, परिवार खुश था। लेकिन किस्मत ने उसे वापस भारत बुलाया - और यही वापसी उसकी जिंदगी को अंधेरे में ले गई। घर निर्माण के दौरान सलमान की मुलाकात पड़ोस में रहने वाली सीमा खातून से हुई। सीमा शादीशुदा थी, दो बच्चों की मां थी, लेकिन सलमान से उसकी नजदीकियां बढ़ती चली गईं।
जब प्यार बना जुनून
पुलिस के मुताबिक दोनों के बीच का रिश्ता गहराता गया। मगर जब सलमान ने दूसरी जगह शादी का फैसला किया तो सीमा का गुस्सा उबाल पर आ गया। उसने सलमान को धमकी दी कि वह उसे किसी और से शादी नहीं करने देगी। सलमान के भीतर डर और नाराजगी दोनों घर कर गए।
हत्या की रात: सिर्फ 22 मिनट में सब खत्म
17 अक्तूबर की रात सीमा ने सलमान को लगातार कॉल किए, जवाब न मिलने पर वह मेहरुन्निशा के साथ उससे मिलने पहुंची। ट्रक के पास दोनों के बीच तीखी बहस हुई — थप्पड़, गाली-गलौज और अपमान के बीच सलमान ने अपना आपा खो दिया।
गुस्से में उसने सीमा की चुन्नी से गला घोंट दिया। फिर मेहरुन्निशा की मदद से शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। पूरी वारदात सिर्फ 22 मिनट में अंजाम दी गई।
सीसीटीवी ने खोला राज़
श्यामपुर पुलिस के लिए यह केस ‘ब्लाइंड मर्डर’ था। मगर सीसीटीवी और मोबाइल सर्विलांस ने रहस्य खोल दिया। जांच में पता चला कि एक सफेद कंटेनर ट्रक बाकी वाहनों की तुलना में 22 मिनट देरी से अगले कैमरे में दिखा। बस, यही 22 मिनट पुलिस को उस ट्रक और फिर आरोपी सलमान तक ले गए।
अंजाम: एक मौत, दो जिंदगी बर्बाद
सीमा की मौत ने दो मासूम बच्चों को मां से वंचित कर दिया, जबकि सलमान और मेहरुन्निशा अब जेल की सलाखों के पीछे हैं।
प्यार, शक और जिद की यह कहानी एक सवाल छोड़ जाती है -
क्या रिश्तों में जरा-सी गलतफहमी भी इतनी खतरनाक हो सकती है?