🔊
एक सप्ताह से धरने पर डटी उपनल कर्मी की मौत, महासंघ ने कहा-सिस्टम की अनदेखी ने ली एक जान
देहरादून,
उपनल कर्मियों के स्थायीकरण की मांग पर चल रहे आंदोलन के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। परेड ग्राउंड में पिछले एक सप्ताह से धरने पर शामिल हो रही उपनलकर्मी नीलम डोभाल (कनिष्ठ सहायक, जिला निर्वाचन कार्यालय देहरादून) की अचानक ब्रेन हेमरेज से मौत हो गई। घटना से उपनल कर्मचारियों में गहरा शोक और सरकार के प्रति तीखा आक्रोश फैल गया है।
परिजनों और साथियों के अनुसार, नीलम डोभाल अपने पति के साथ आंदोलन में लगातार हिस्सा ले रही थीं। उपनल महासंघ ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा लंबे समय से आंदोलन की कोई सुध न लेने और भविष्य को लेकर अनिश्चितता की स्थिति ने नीलम को गहरे मानसिक तनाव में डाल दिया था, जिसके कारण यह त्रासदी हुई।
धरनास्थल पर दिवंगत कर्मी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कर्मचारियों ने कहा कि नीलम की मौत केवल एक कर्मचारी की मौत नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही का परिणाम है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
वहीं, उपनल कर्मचारियों की स्थायी नियुक्ति को लेकर वर्षों से चले आ रहे आंदोलन के बीच यह घटना पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बन गई है। कर्मचारी संगठन ने मांग की है कि नीलम डोभाल के परिवार को तुरंत आर्थिक सहायता दी जाए और उपनल कर्मचारियों की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।