🔊
उत्तराखंड -10 वर्षीय बालिका से यौन उत्पीड़न, सगा मौसा गिरफ्तार, बेहतर भविष्य के लिए भेजी गई बच्ची के साथ हुआ विश्वासघात, मां दूसरी बार टूटी
सेलाकुई क्षेत्र में 10 वर्षीय बालिका के साथ उसके सगे मौसा द्वारा यौन उत्पीड़न किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पीड़िता की मां ने अत्यंत विश्वास के साथ करीब एक वर्ष पहले अपनी बेटी को पढ़ाई के लिए बहन के पास भेजा था। पीड़िता की बहन का विवाह उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद के एक गांव में हुआ है, जहां उसका पति सेलाकुई में दुकान चलाता है और परिवार किराये पर रहता है। मां को भरोसा था कि बच्ची सुरक्षित रहेगी और पढ़-लिखकर उज्ज्वल भविष्य बनाएगी, लेकिन यहां भी उसे बड़ा विश्वासघात सहना पड़ा।
पहले भी टूटा था भरोसा
पीड़िता के पिता पर अपनी ही नाबालिग साली के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है और वह पहले से जेल में बंद है। उस घटना के बाद परिवार पूरी तरह बिखर गया-पीड़िता की मां मायके में रहती है, एक बेटा गांव में है और दूसरा बेटा प्रेमनगर क्षेत्र में ढाबे पर काम करता है। मां ने अपनी बच्ची को इसी खराब माहौल से दूर रखने के लिए सेलाकुई भेजा था, लेकिन अब मौसा द्वारा यौन उत्पीड़न ने उसे दूसरी बार गहरा आघात पहुंचाया है।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। मेडिकल परीक्षण और बयान के आधार पर आरोपी मौसा के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बताया कि पीड़िता को आवश्यक सुरक्षा और कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा, घरेलू विश्वासघात और सामाजिक जिम्मेदारी पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
फोटो - प्रतिकारात्मक