🔊
28 जनवरी को देहरादून में सहायक अध्यापकों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र: शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत
देहरादून।
शिक्षा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जानकारी दी कि प्राथमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत जनपदवार आयोजित सहायक अध्यापक भर्ती प्रक्रिया में चयनित अभ्यर्थियों को आगामी 28 जनवरी 2026 को देहरादून में नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि सभी चयनित अभ्यर्थियों की प्रथम तैनाती प्रदेश के दूरस्थ एवं ग्रामीण क्षेत्रों में की जाएगी। इससे न केवल उन क्षेत्रों में शिक्षकों की कमी दूर होगी, बल्कि राज्य की प्राथमिक शिक्षा व्यवस्था भी और अधिक सुदृढ़ होगी।
डॉ. रावत ने कहा कि नए शिक्षकों के कार्यभार ग्रहण करने से स्थानीय स्तर पर छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी और सरकारी विद्यालयों की शैक्षणिक स्थिति में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने सभी चयनित अभ्यर्थियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।