🔊
केंद्रीय बजट 2026-27: उत्तराखंड के लिए पर्यटन, मेडिकल टूरिज्म और आयुष क्षेत्र में नई संभावनाएँ
देहरादून/नई दिल्ली।
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा संसद में प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 में उत्तराखंड के लिए पर्यटन, मेडिकल टूरिज्म और आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएँ की गई हैं, जिससे राज्य में रोजगार, निवेश और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।
बजट भाषण में वित्त मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर सहित पर्वतीय क्षेत्रों में इकोलॉजिकली सस्टेनेबल माउंटेन ट्रेल्स विकसित किए जाएंगे। इससे उत्तराखंड में एडवेंचर टूरिज्म, ट्रैकिंग और बाइकिंग गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और स्टार्टअप के नए अवसर सृजित होंगे।
मेडिकल टूरिज्म से खुलेगा रोजगार का द्वार
केंद्रीय बजट में मेडिकल टूरिज्म को प्रोत्साहित करने के लिए पांच क्षेत्रीय मेडिकल हब स्थापित करने की घोषणा की गई है, जिनमें निजी क्षेत्र की भागीदारी रहेगी। इन हब्स में आधुनिक हेल्थकेयर कॉम्प्लेक्स विकसित किए जाएंगे, जिनमें आयुष केंद्र, डायग्नोस्टिक सुविधाएँ, पोस्ट-केयर और रिहैबिलिटेशन सेवाएँ उपलब्ध होंगी।
इस पहल से उत्तराखंड में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होने के साथ-साथ डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और अन्य स्वास्थ्य पेशेवरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
योग और आयुर्वेद को मिलेगा वैश्विक मंच
बजट में भारत की प्राचीन योग और आयुर्वेद परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थानों की स्थापना का प्रावधान किया गया है। उत्तराखंड को भी इसका सीधा लाभ मिलने की संभावना है, क्योंकि राज्य सरकार पहले ही गुरुकुल क्षेत्र में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर चुकी है।
पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती
सरकार की इन घोषणाओं से उत्तराखंड में होटल, होम-स्टे, ट्रांसपोर्ट, स्थानीय उत्पाद, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इससे पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर आजीविका के अवसर बढ़ेंगे और पलायन पर भी अंकुश लगेगा।
कुल मिलाकर, केंद्रीय बजट 2026-27 उत्तराखंड के लिए हरित पर्यटन, स्वास्थ्य सेवाओं और आयुष आधारित विकास मॉडल को सशक्त करने वाला साबित होगा, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को दीर्घकालिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।