🔊
सड़क हादसे में थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा का निधन, उत्तराखंड में शोक की लहर
उत्तराखंड के नौगजा, कल्याणपुर निवासी थारू जनजाति की प्रसिद्ध लोक गायिका रिंकू राणा (33) पत्नी महेश राणा का गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया।
जानकारी के अनुसार रिंकू राणा होली खेलने के लिए स्कूटी से अपने मायके गांव बिचपुरी खैरना गई थीं। दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह सड़क किनारे स्कूटी खड़ी कर किसी से बातचीत कर रही थीं। उस समय उनके साथ उनकी भतीजी जिया राणा भी मौजूद थी।
इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ईंटों से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत गंभीर रूप से घायल रिंकू राणा को उप जिला अस्पताल सितारगंज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे में उनकी भतीजी जिया राणा को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त स्कूटी और ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया है तथा शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार रिंकू राणा का एक बेटा है, जो चौथी कक्षा में पढ़ता है।
थारू जनजाति की पहली लोक गायिकाओं में शुमार रिंकू राणा की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।