🔊
सूटकेस बदलने से खोए आभूषण पुलिस ने किए बरामद, महिला को सौंपा सामान।
सोमेश्वर। बस यात्रा के दौरान गलती से सूटकेस बदल जाने के कारण खोए आभूषणों को पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद बरामद कर महिला को सकुशल वापस सौंप दिया। पुलिस की इस तत्परता की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 6 मार्च 2026 को राजेंद्र सिंह बिष्ट अल्मोड़ा से अपनी बहन के आभूषण लाल रंग के सूटकेस में रखकर केमू बस से गरुड़ की ओर जा रहे थे। रास्ते में मनान क्षेत्र में किसी अन्य यात्री ने गलती से उसी रंग का अपना सूटकेस छोड़कर राजेंद्र सिंह का सूटकेस उठा लिया।
गरुड़ पहुंचने पर सूटकेस बदलने की जानकारी मिलने पर राजेंद्र सिंह की बड़ी बहन ने सोमेश्वर थाने में पहुंचकर पूरी घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस ने महिला की सहायता के लिए पुलिस टीम को साथ लेकर मनान क्षेत्र में सूटकेस की तलाश शुरू की।
पुलिस की खोजबीन के बाद 9 मार्च 2026 को लाल रंग का सूटकेस ग्राम मैगड़ी, पोस्ट पोखरी से बरामद कर लिया गया। सूटकेस में रखा पूरा सामान और आभूषण सुरक्षित पाए गए, जिन्हें पुलिस ने महिला को सौंप दिया।
वहीं दूसरे व्यक्ति का लाल रंग का सूटकेस भी बरामद कर उसे उसके सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में खुशी है और स्थानीय लोगों ने पुलिस की सराहना की है।