🔊
खटीमा में हिन्दू युवती की सिर कटी लाश मिलने से सनसनी, विशेष समुदाय के प्रेमी ने विवाह में बाधा बनने पर की युवती की हत्या
खटीमा, उधम सिंह नगर: भारत-नेपाल सीमा से सटे खटीमा क्षेत्र में एक सिर कटी लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान पूजा विश्वास (32), निवासी बंगाली कॉलोनी, नानकमत्ता के रूप में हुई है, जो हरियाणा में स्पा सेंटर में काम करती थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती की बेरहमी से हत्या उसके प्रेमी मुस्ताक अहमद (25) ने की थी, जो सितारगंज के ग्राम गौरीखेड़ा का निवासी है।
सूत्रों के अनुसार पूजा और मुस्ताक की मुलाकात रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन पर हुई थी, जिसके बाद दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में हरियाणा के गुड़गांव में रहने लगे। इस दौरान मुस्ताक कैब चलाता था। लेकिन नवंबर 2024 में मुस्ताक ने अचानक दूसरी शादी कर ली, जिससे आहत होकर पूजा विरोध करने उसके घर पहुंची।
बताया जा रहा है कि शादी का विरोध कर रही पूजा को मुस्ताक ने बहाने से खटीमा के इस्लाम नगर स्थित अपनी बहन के घर बुलाया। 16 नवंबर को वह उसे नंदना काली पुलिया अंडरपास के पास ले गया, जहां धारदार हथियार से गला रेत कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद धड़ को चादर में लपेट कर फेंक दिया और सिर को कट्टे में डालकर नहर में फेंक दिया।
पूजा की छोटी बहन पूर्मिला द्वारा 19 दिसंबर 2024 को गुड़गांव थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद हरियाणा पुलिस ने जांच शुरू की। चार महीने की मेहनत के बाद पुलिस ने आरोपी मुस्ताक को सितारगंज से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर खटीमा पुलिस ने सिर कटी लाश बरामद की। हालांकि सिर अभी तक नहीं मिल पाया है।
मृतका के भाई सुभाष विश्वास ने दुपट्टे के आधार पर शव की पहचान की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। खटीमा कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और परिजनों की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।