🔊
गंगोलीहाट में उप जिलाधिकारी यशवीर सिंह को भावभीनी विदाई, तीन वर्षों की सेवाओं को किया गया याद।
गंगोलीहाट। तहसील परिसर में उप जिलाधिकारी यशवीर सिंह के स्थानांतरण पर भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एसडीएम कोर्ट, जज कोर्ट सहित तहसील के सभी फील्ड एवं कार्यालय कर्मचारियों ने एकत्र होकर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि अपने तीन वर्षीय कार्यकाल के दौरान यशवीर सिंह ने ईमानदारी, सरलता और उदार व्यक्तित्व से न केवल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत किया, बल्कि क्षेत्रीय जनता के बीच भी विशेष पहचान बनाई। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को सदैव प्राथमिकता दी, जिससे वे लोगों के बीच लोकप्रिय रहे।
इस दौरान तहसील परिवार की ओर से उन्हें प्रतीक चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। अपने संबोधन में उप जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता की सेवा सर्वोपरि है और सभी को आगे भी पूरी निष्ठा व तत्परता से अपने दायित्व निभाने चाहिए।
कार्यक्रम में तहसीलदार देवांश प्रताप, सहायक अभियोजन अधिकारी शोभित कुमार शर्मा, पेशकार सुचेत कुमार, कानूनगो मोहन गिरि, धनी लाल, कु. खीमा सहित समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमीन पी.सी. वर्मा ने किया।