🔊
बद्रीनाथ धाम में बड़ा हादसा टला: उड़ान भरते ही हेलीकॉप्टर ने खोया नियंत्रण, सभी यात्री सुरक्षित
बदरीनाथ, 12 मई 2025:
बदरीनाथ धाम स्थित हेलीपैड पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। थंबी एविएशन का एक हेलीकॉप्टर, जो फाटा से श्रद्धालुओं को लेकर बदरीनाथ पहुंचा था, ने दूसरी उड़ान के समय नियंत्रण खो दिया। उड़ान भरते ही हेलीकॉप्टर अचानक डिसबैलेंस हो गया और उसके पंखे हेलीपैड पर खड़े एक वाहन से टकरा गए। हालांकि पायलट ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
थाना प्रभारी नवनीत भंडारी के अनुसार, यह घटना दोपहर 12:15 बजे हुई और हेलीकॉप्टर के असंतुलन की वजह से उसके ब्लेड वाहन से टकरा गए। मौके पर मौजूद सुरक्षा और तकनीकी स्टाफ ने स्थिति को तुरंत नियंत्रित किया। सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं।
---
चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, अब तक 5.5 लाख से अधिक ने किए दर्शन
चारधाम यात्रा के पहले 12 दिन बेहद सफल रहे हैं। पर्यटन विभाग के अनुसार, 30 अप्रैल से 11 मई तक चारों धामों में कुल 5.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं।
केदारनाथ: 2.27 लाख
बदरीनाथ: 1.17 लाख
गंगोत्री: 94,251
यमुनोत्री: 1.13 लाख
मौसम की चुनौतियों के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह बना हुआ है। हर दिन केदारनाथ में 19 से 20 हजार लोग दर्शन कर रहे हैं और कुल पंजीकरण का आंकड़ा 27 लाख पार कर चुका है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और मौसम की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।