🔊
दिल्ली मालवीय नगर अग्निकांड में उत्तराखंड के शेफ की गिरफ्तारी पर उठे सवाल, जिम्मेदारी किसकी
नई दिल्ली। दिल्ली के मालवीय नगर में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद उत्तराखंड मूल के शेफ केशव नेगी की गिरफ्तारी को लेकर सोशल मीडिया और विभिन्न वर्गों में सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि केशव नेगी एक कर्मचारी के रूप में रसोई में खाना बनाने का कार्य करते थे और अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए उत्तराखंड से पलायन कर दिल्ली पहुंचे थे।
सवाल यह उठ रहा है कि क्या किसी कर्मचारी की जिम्मेदारी यह सुनिश्चित करना है कि भवन वैध है या अवैध, फायर एनओसी मौजूद है या नहीं, भवन में पर्याप्त एंट्री-एग्जिट व्यवस्था है या नहीं, अथवा रिहायशी क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियां नियमों के अनुरूप संचालित हो रही हैं या नहीं?
चर्चा का विषय यह भी बना हुआ है कि यदि भवन निर्माण, अग्नि सुरक्षा और अन्य नियमों की अनदेखी हुई है तो संबंधित भवन स्वामी, संचालक और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। कई लोगों का मानना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वाले सभी पक्षों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए।
सोशल मीडिया पर उत्तराखंड के जनप्रतिनिधियों, सांसदों और राज्य सरकार से भी मांग की जा रही है कि यदि केशव नेगी केवल कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे तो उन्हें कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जाए और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारियों का निर्धारण जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।