🔊
उत्तराखंड में एक औऱ हेली एम्बुलेंस हादसा: हार्ड लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित
केदारनाथ/ऋषिकेश, 17 मई 2025
केदारनाथ धाम में शनिवार को एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब एम्स ऋषिकेश की हेली एम्बुलेंस सेवा "संजीवनी" लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि हेलिकॉप्टर में केवल पायलट सवार था और वह पूरी तरह सुरक्षित है।
एम्स के पीआरओ संदीप कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा हेलिपैड से करीब 20 मीटर पहले हार्ड लैंडिंग के चलते हुआ। टेल बॉन टूट गई है, लेकिन किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
हेली एम्बुलेंस ऋषिकेश से एक मरीज को लेने केदारनाथ पहुंच रही थी। घटना के बाद हेलिपैड क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
गौरतलब है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने 29 अक्टूबर 2024 को इस हेली एम्बुलेंस सेवा ‘संजीवनी’ का शुभारंभ किया था। यह सेवा केंद्र और राज्य सरकार की 50-50 फीसदी भागीदारी में संचालित हो रही है।
गंगोत्री हादसे की भी ताजा याद
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 8 मई 2025 को गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ एक हेलिकॉप्टर गंगनानी के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई थी और एक गंभीर रूप से घायल हुआ था। यह हादसा अत्यंत दर्दनाक था, जहां बचाव दल को 200 मीटर गहरी खाई में रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा था।
लगातार हो रही इन दुर्घटनाओं ने चारधाम यात्रा के दौरान हेली सेवाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और तीर्थयात्रा संचालन एजेंसियों के लिए यह एक चेतावनी है कि खराब मौसम और जमीनी तैयारियों के बीच संतुलन बनाना बेहद जरूरी है।