🔊
बड़ी खबर देवभूमि उत्तराखंड में छह बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, भारतीय महिला भी हिरासत में
देहरादून/हरिद्वार, 18 मई 2025
देहरादून और हरिद्वार से अवैध रूप से रह रहे छह बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। इनकी मदद करने वाली एक भारतीय महिला पूजा रानी उर्फ रोसना को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां सभी से पूछताछ कर रही हैं।
क्लेमेन्टटाउन में मिली संदिग्धों की सूचना
देहरादून के क्लेमेंटटाउन इलाके में संदिग्ध लोगों के रहने की सूचना पर पुलिस, एसओजी और एलआईयू की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। लेन नंबर-11, पोस्ट ऑफिस रोड से निर्मल राय, शेम राय, लिपि राय (महिला), कृष्णा उर्फ संतोष और मुनीर चंद्र राय को पकड़ा गया। इनके पास वैध दस्तावेज नहीं थे। तलाशी के दौरान दो फर्जी आधार कार्ड और बांग्लादेशी पहचान पत्र मिले।
भारतीय महिला से की शादी, बच्चों को भी लाया भारत
मुख्य आरोपी मुनीर चंद्र राय ने बताया कि वह पहले भी कई बार बांग्लादेश से भारत आ चुका है। उसने फरीदाबाद में एक भारतीय महिला से विवाह किया और देहरादून में मजदूरी कर रहा था। बाद में वह अन्य तीन बांग्लादेशी नागरिकों को भारत बुला लाया। सभी लोग निर्माण कार्यों में मजदूरी कर रहे थे।
हरिद्वार से भी एक महिला गिरफ्तार
हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से भी एक बांग्लादेशी महिला को गिरफ्तार किया गया है जो एक भारतीय पुरुष के साथ झोपड़ी में रह रही थी। उसके पास फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मोबाइल बरामद हुए हैं। उसका नाबालिग पुत्र संरक्षण में लिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों से आईबी, मिलिट्री इंटेलिजेंस और पुलिस संयुक्त रूप से पूछताछ कर रही है। पुलिस अब मोहम्मद आलम उर्फ अलाउद्दीन और नूर इस्लाम की तलाश में जुटी है, जिन पर इन विदेशी नागरिकों को भारत लाने का आरोप है।
प्रथम दृष्टया मामला अवैध घुसपैठ और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का प्रतीत होता है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जाएगी।