🔊
दिल्ली के गैंग से जुड़े हैं बांग्लादेशियों के तार, देशभर में फैला नेटवर्क कर रहा फर्जी दस्तावेजों के ज़रिए घुसपैठ
देहरादून, 19 मई 2025: राजधानी दिल्ली के एक संगठित गैंग का नाम बांग्लादेशी घुसपैठियों को भारत के विभिन्न हिस्सों में बसाने में सामने आ रहा है। देहरादून पुलिस द्वारा हाल ही में पकड़े गए पांच बांग्लादेशी नागरिकों और एक भारतीय महिला की गिरफ्तारी के बाद इस नेटवर्क की परतें खुलने लगी हैं। जांच में पता चला है कि दिल्ली के आलम खान नामक ठेकेदार के माध्यम से ये लोग बिहार के पते पर फर्जी आधार कार्ड बनवाकर देहरादून लाए गए थे।
एसएसपी अजय सिंह ने जानकारी दी कि इन संदिग्धों के क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में रहने की गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस व एलआईयू की संयुक्त टीम ने छापा मारा, जिसमें पांच बांग्लादेशी नागरिक और एक भारतीय महिला पूजा रानी को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में यह भी पता चला कि इनमें से एक आरोपी मुनीर चंद्र राय पूर्व में तीन बार देहरादून आ चुका है और हर्रावाला क्षेत्र में कैंसर अस्पताल के निर्माण में मजदूरी कर चुका है।
देशभर में फैला नेटवर्क:
पुलिस के अनुसार दिल्ली स्थित यह गैंग बांग्लादेशियों को पहले बंगाल, फिर बिहार होते हुए दिल्ली लाता है। यहां फर्जी पहचान पत्र तैयार करवाकर इन्हें कंस्ट्रक्शन जैसे कामों में लगाया जाता है। दिल्ली से इन्हें विभिन्न राज्यों में भेज दिया जाता है। बिहार-बंगाल बॉर्डर के कुछ जिलों में इस गैंग के सक्रिय गुर्गे फर्जी दस्तावेज बनवाने का काम कर रहे हैं।
तीव्र हुई कार्रवाई:
एसएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी आलम खान और उसके एक साथी की तलाश जारी है। दिल्ली और आसपास के इलाकों में पुलिस टीमें भेजी गई हैं। स्थानीय इंटेलिजेंस यूनिट और एसओजी के सहयोग से इस नेटवर्क की गहनता से जांच की जा रही है। इसके अलावा शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सत्यापन अभियान को और अधिक सघन करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है, और अब उन्हें देश से बाहर भेजने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
– अजय सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून