🔊
देवभूमि उत्तराखंड में ममता का कत्ल: नवजात को गोबर में दबाया, विधवा मां गिरफ्तार
चमोली, 22 मई।
मानवता को शर्मसार करने वाली दिल दहला देने वाली घटना उत्तराखंड के चमोली जनपद में सामने आई है। नंदानगर थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विधवा महिला ने अपनी नवजात बच्ची को जन्म देने के बाद गोबर के ढेर में दबाकर मौत के घाट उतार दिया। तीन दिन पुराने इस मामले का खुलासा तब हुआ जब गांव की महिलाओं को महिला की हालत पर शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने गांव पहुंचकर जब महिला से पूछताछ की, तो उसने नवजात को गोबर में दबाने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने शव को बरामद किया और महिला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गोपेश्वर जिला अस्पताल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार महिला के पति की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है और उसके तीन बच्चे हैं। नवजात के पिता की जानकारी अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
मानवता की मिसाल बने पार्षद
पोस्टमार्टम के बाद नवजात के परिजन न होने के कारण अंतिम संस्कार को लेकर असमंजस की स्थिति बन गई। ऐसे में सुभाषनगर के पार्षद सूर्य प्रकाश पुरोहित और पाडुली के पार्षद दीपक बिष्ट ने आगे आकर नवजात का अंतिम संस्कार कर मानवता की मिसाल पेश की।
पार्षद दीपक बिष्ट ने बताया कि अस्पताल में बच्ची का कोई परिजन मौजूद नहीं था। इसलिए उन्होंने सामाजिक दायित्व निभाते हुए उसका अंतिम संस्कार किया।
थानाध्यक्ष नरेंद्र सिंह रावत ने बताया कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है और बच्ची के पिता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।