🔊
उत्तराखंड में दिल दहला देने वाला मामला: चार साल की मासूम बच्ची की हत्या, मां से अवैध संबंधों का बदला लेने के लिए आरोपी ने की दरिंदगी
हरिद्वार, 17 मई 2025:
हरिद्वार के रोड़ीबेलवाला क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है जहाँ एक चार वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप सूरज नामक व्यक्ति पर है, जिसे पुलिस ने लंबी तलाश के बाद लक्सर से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी सूरज का बच्ची की मां से अवैध संबंध था। एक दिन बच्ची के पिता ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था और सूरज की जमकर पिटाई कर दी थी। अपमान का बदला लेने के लिए सूरज ने 13 मई को एक घिनौनी साजिश रची।
उस दिन सूरज पति-पत्नी को राशन लेने के बहाने झोपड़ी से बाहर ले गया और मौके का फायदा उठाकर बच्ची को रेलवे टनल की तरफ ले गया। वहां उसने पहले बच्ची का मुंह दबाया और फिर गले में बंधे धागे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। शव को वहीं छोड़कर वह फरार हो गया।
16 मई की सुबह बच्ची का शव टनल से बरामद हुआ। पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल के नेतृत्व में 10 टीमों का गठन किया गया और 600 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। सोशल मीडिया पर आरोपी की तस्वीरें भी वायरल की गईं। अंततः 17 मई को आरोपी सूरज को लक्सर की कबाड़ी बस्ती के पास एक खंडहर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में सूरज ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। वह पहले से ही नशे का आदी था और कबाड़ बीनने का काम करता था। बच्ची की मां से संबंध और पकड़े जाने पर पिटाई के बाद वह बदले की भावना से इस हद तक गिर गया कि एक मासूम की जान ले ली।
पुलिस अब आरोपी के खिलाफ हत्या, अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश करेगी।