🔊
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाएं अधिकारी: डीएम
सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निस्तारण में तेजी लाएं अधिकारी: डीएम
चम्पावत, 14 सितंबर 2026 (सूवि)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 की समीक्षा बैठक की।
जिलाधिकारी ने विभागवार शिकायतों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक शिकायत को गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ताओं से नियमित संवाद बनाए रखने को कहा। यदि किसी अपरिहार्य परिस्थिति में शिकायत को फोर्स क्लोज करना आवश्यक हो तो उसका स्पष्ट एवं उचित कारण दर्ज करने के साथ शिकायतकर्ता को भी इसकी जानकारी दी जाए। शिकायतों के निस्तारण में तथ्यों और आवश्यक साक्ष्यों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए।
20 शिकायतें अभी लंबित
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 20 शिकायतें लंबित हैं। इनमें पुलिस विभाग, उत्तराखंड जल संस्थान और राजस्व विभाग की 3-3, प्राथमिक शिक्षा एवं कृषि विभाग की 2-2 शिकायतें शामिल हैं।
इसके अलावा उरेडा, उत्तराखंड यातायात पुलिस, परिवहन, पर्यटन, नगर पालिका, माध्यमिक शिक्षा और सिंचाई विभाग की एक-एक शिकायत लंबित है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी लंबित शिकायतों पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायत बंद करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को फील्ड स्तर पर सक्रिय रहकर जनसमस्याओं का समाधान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समय पर समाधान होने से आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों या हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायत दर्ज कराने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। विभागीय अधिकारियों को अपने स्तर पर भी नियमित रूप से जनसमस्याओं की समीक्षा करने को कहा गया।
बैठक में डीएफओ धिनो पुरुषोत्तमन, परियोजना निदेशक अजय सिंह, अर्थ एवं संख्याधिकारी दीपकीर्ति तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल, मुख्य शिक्षा अधिकारी मान सिंह, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, अधिशासी अभियंता जल संस्थान आरपी डोभाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, सहायक जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन चौहान, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।