🔊
भाजपा नेत्री और प्रेमी की घिनौनी करतूत: नाबालिग बेटी से कराया गैंगरेप, दोनों गिरफ्तार, तीसरा आरोपी फरार
संवाद न्यूज एजेंसी, हरिद्वार।
हरिद्वार जिले से एक रूह कंपा देने वाला मामला सामने आया है। भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व पदाधिकारी और उसके प्रेमी द्वारा नाबालिग बेटी से सामूहिक दुष्कर्म कराने का सनसनीखेज मामला उजागर हुआ है। रानीपुर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। घटना सामने आने के बाद भाजपा ने आरोपी महिला को तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की मां भाजपा महिला मोर्चा की पूर्व पदाधिकारी है और वह पति से विवाद के बाद बेटी को साथ लेकर अलग रह रही थी। इस दौरान वह अपने प्रेमी सुमित पटवाल के साथ रहने लगी। कुछ दिन पहले बेटी पिता के पास लौटी, जहां उसके गुमसुम और सहमी हुई हालत को देख पिता ने बातचीत की, तब पूरी घटना का खुलासा हुआ।
पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2025 में उसकी मां, प्रेमी सुमित और उसके दोस्त शुभम के साथ उसे घुमाने के बहाने भेल स्टेडियम क्षेत्र ले गई थी। वहां शराब पीने के बाद सुमित और शुभम ने मां की सहमति से उसे डरा-धमकाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद आगरा, वृंदावन और हरिद्वार के होटलों में भी कई बार उसके साथ दरिंदगी की गई। किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी।
पिता बेटी को लेकर मंगलवार शाम रानीपुर कोतवाली पहुंचे, जहां पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। रिपोर्ट में यौन शोषण की पुष्टि हुई। इसके बाद किशोरी के कोर्ट में बयान भी दर्ज कराए गए।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। बुधवार को महिला और उसका प्रेमी सुमित पटवाल (निवासी न्यू कैनाल कॉलोनी, बहादराबाद) को शिवमूर्ति चौक स्थित होटल युग रेजीडेंसी से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी शुभम की तलाश जारी है।
भाजपा ने किया पार्टी से निष्कासित
घटना के उजागर होते ही भाजपा ने भी सख्त रुख अपनाया है। जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने आरोपी महिला को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। बताया गया कि अगस्त 2024 में भी उसकी गतिविधियों को लेकर शिकायतें सामने आई थीं, जिसके चलते उसे महिला मोर्चा के पद से हटा दिया गया था।
---
यह मामला एक बार फिर यह सवाल उठाता है कि समाज में किस हद तक नैतिक पतन हो चुका है, जब एक मां ही अपनी बेटी की अस्मिता को कुचलने में सहयोगी बन जाए।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।