🔊
चम्पावत के बालेश्वर वार्ड में बनेगा चिल्ड्रन पार्क, 10 नाली भूमि पर बच्चों के लिए होंगी आधुनिक सुविधाएं
चम्पावत के बालेश्वर वार्ड में बनेगा चिल्ड्रन पार्क, 10 नाली भूमि पर बच्चों के लिए होंगी आधुनिक सुविधाएं
झूले, स्लाइड, क्लाइम्बिंग फ्रेम, सैंड पिट और 12 सोलर लाइट सहित कई सुविधाएं प्रस्तावित, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी मिलेगा लाभ
चम्पावत, 22 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प के तहत नगर पालिका परिषद चम्पावत के बालेश्वर वार्ड में चिल्ड्रन पार्क का निर्माण प्रस्तावित है। लगभग 10 नाली भूमि पर विकसित होने वाला यह पार्क बच्चों के खेलकूद और मनोरंजन के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में तैयार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत प्रस्तावित इस परियोजना के लिए 0.201 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। पार्क का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित वातावरण में खेलकूद के अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास को प्रोत्साहित करना है।
नगर पालिका परिषद चम्पावत के अधिशासी अधिकारी भारत त्रिपाठी के अनुसार, पार्क की विस्तृत परियोजना योजना में झूले, स्लाइड, क्लाइम्बिंग फ्रेम, सैंड पिट, 12 सोलर लाइट और सीसीटीवी कैमरे जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इसके अलावा पाथवे, बैठने के लिए बेंच, गजीबो और वाटर कूलर की व्यवस्था भी की जाएगी।
पार्क में पौधरोपण, गार्डनिंग, लॉन, संवेदी दीवार और पशु आकृतियां विकसित करने की भी योजना है। इससे बच्चों को मनोरंजन के साथ प्रकृति से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
नगर के मध्य प्रस्तावित इस पार्क से महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को भी भ्रमण और विश्राम के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। पार्क विकसित होने से नगर में हरित सार्वजनिक स्थलों का विस्तार होने के साथ सामाजिक मेलजोल और सामुदायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें: