🔊
मूलाकोट में 46.46 लाख रुपये से बनेगा इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मिलेगी राहत
डचूड़ा बाजार से राजकीय इंटर कॉलेज तक बनेगा एक किलोमीटर मार्ग, दीवार निर्माण भी होगा शामिल
चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श चम्पावत के संकल्प के तहत लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मूलाकोट में सड़क संपर्क सुविधा को बेहतर बनाने के लिए 46.46 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है। डचूड़ा बाजार से राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट तक दीवार सहित एक किलोमीटर लंबे इंटरलॉकिंग टाइल्स मार्ग का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 73/2026 के अंतर्गत स्वीकृत इस कार्य के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 46.46 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। यह धनराशि जिलाधिकारी चम्पावत के निवर्तन पर रखी गई है। जनपद स्तरीय तकनीकी सलाहकार समिति द्वारा औचित्यपूर्ण पाए गए आगणन के आधार पर स्वीकृति जारी की गई है।
मार्ग निर्माण से मूलाकोट और आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही राजकीय इंटर कॉलेज आने-जाने वाले विद्यार्थियों और शिक्षकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। बाजार से विद्यालय तक संपर्क मार्ग बेहतर होने से स्थानीय लोगों की दैनिक आवाजाही सुगम होगी।
शासन ने निर्माण कार्य की निरंतर निगरानी करते हुए इसे निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कार्यस्थल पर मुख्यमंत्री घोषणा संख्या, स्वीकृत लागत, कार्य शुरू होने और पूरा होने की तिथि तथा कार्यदायी संस्था का विवरण दर्शाने वाला स्थायी बोर्ड भी लगाया जाएगा।
इस परियोजना को ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और संपर्क मार्गों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।