🔊
चम्पावत में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के लिए लगेंगे 29 विशेष शिविर, 24 अक्टूबर से शुरू होगा अभियान
चम्पावत में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री के लिए लगेंगे 29 विशेष शिविर, 24 अक्टूबर से शुरू होगा अभियान
लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों में 4 नवंबर तक चलेंगे शिविर, मौके पर सेल्फ रजिस्ट्रेशन की भी मिलेगी सुविधा
चम्पावत। जनपद में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य मिशन मोड में पूरा करने के लिए लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों में 29 विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशों के क्रम में शिविरों का कार्यक्रम निर्धारित कर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लोहाघाट तहसील के 19 तथा बाराकोट तहसील के 10 राजस्व उपनिरीक्षक क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे। लोहाघाट तहसील में 24, 28 और 30 अक्टूबर को, जबकि बाराकोट तहसील में 24, 27 और 30 अक्टूबर तथा 2 और 4 नवंबर 2026 को शिविर आयोजित होंगे।
बाराकोट तहसील का 27 अक्टूबर और बिसराड़ी क्षेत्र का शिविर 30 अक्टूबर को खंड विकास कार्यालय, बाराकोट में लगेगा। बर्दाखान क्षेत्र के किसानों के लिए 2 नवंबर को राजकीय पशु चिकित्सालय, बर्दाखान तथा बापरू क्षेत्र के लिए 4 नवंबर को राजकीय इंटर कॉलेज, बापरू में शिविर आयोजित किया जाएगा। अन्य क्षेत्रों में शिविर निर्धारित विद्यालयों, पंचायत घरों और रामलीला मैदानों में लगाए जाएंगे।
शिविरों में सहायक कृषि अधिकारी, उद्यान निरीक्षक, ग्राम विकास अधिकारी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी और राजस्व उपनिरीक्षक आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित रहेंगे। शिविर स्थलों पर टेंट, बिजली, इंटरनेट, लैपटॉप और बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
मौके पर ही होगी फार्मर रजिस्ट्री
शिविरों में किसानों को सेल्फ रजिस्ट्रेशन के माध्यम से फार्मर रजिस्ट्री कराने की सुविधा भी मिलेगी। संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक शिविर में पहुंचने वाले प्रत्येक खातेदार का अंश निर्धारण कराकर मौके पर ही रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कराएंगे। इसके लिए संबंधित क्षेत्रों में निर्धारित ऑपरेटरों की उपस्थिति भी अनिवार्य की गई है।
प्रशासन का उद्देश्य विशेष शिविरों के माध्यम से किसानों की फार्मर रजिस्ट्री का कार्य तेजी से पूरा करना और उन्हें आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराना है।